Top 5 This Week

Related Posts

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की कवरेज के लिए दिल्ली पहुंचेंगे 1,200 से 1,300 पत्रकार

नई दिल्ली। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन की कवरेज के लिए देश-विदेश से करीब 1,200 से 1,300 पत्रकारों के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। इनमें ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ-साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के पत्रकार भी शामिल होंगे।

सम्मेलन की मीडिया कवरेज को सुगम बनाने के लिए भारत मंडपम परिसर में इंटरनेशनल मीडिया सेंटर स्थापित किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के ओएसडी वासुदेव रवि ने बताया कि पत्रकारों की संख्या में भारतीय और विदेशी मीडिया का अनुपात लगभग 50:50 रहने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के सामने सम्मेलन के दौरान सूचनाओं को समय पर मीडिया और आम लोगों तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए पारंपरिक माध्यमों के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। प्रेस विज्ञप्तियों और वेबसाइट के अलावा ब्रिक्स की आधिकारिक सोशल मीडिया सेवाओं तथा विदेश मंत्रालय के डिजिटल प्लेटफॉर्म से लगातार अपडेट साझा किए जाएंगे।

भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में विस्तारित ब्रिक्स समूह के सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष हिस्सा लेंगे। बैठक में आर्थिक सहयोग, व्यापार, डिजिटल तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा, सीमा-पार भुगतान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वैश्विक संस्थाओं में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

ब्रिक्स का 18वां शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता का प्रमुख आयोजन होगा। बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों की मौजूदगी से सम्मेलन की वैश्विक अहमियत और भारत की कूटनीतिक भूमिका भी सामने आएगी।

 

Popular Articles