हल्द्वानी। बीएलएम एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रार्थना सभा का संचालन 79 यूके एनसीसी बटालियन के कैडेट्स द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से अवगत कराया। साथ ही कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के जीवन, उनके शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक जानकारी भी साझा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं हेड एडमिन एवं एचआर डॉ. अमर सिंह कंवर ने कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने की बात कही।
इस अवसर पर हेड एडमिन एवं एचआर डॉ. अमर सिंह कंवर, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती पूनम क्वातरा तथा सीटीओ एवं एनसीसी अधिकारी दीपक जोशी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।





