नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में 16 जुलाई को नई दिल्ली में होने वाली बिम्सटेक (BIMSTEC) देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) सम्मेलन में बांग्लादेश भी हिस्सा लेगा। इस बैठक में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. ए.के.एम. शमसुल इस्लाम करेंगे। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच कुछ राजनयिक मुद्दों को लेकर चर्चा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश सरकार ने राजनयिक माध्यमों से भारत को अपने प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी की जानकारी दे दी है। बिम्सटेक का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते बांग्लादेश ने बैठक में शामिल होने का निर्णय लिया है। सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद निरोधक सहयोग, सीमा पार अपराध, साइबर सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में बांग्लादेश के एक वरिष्ठ सलाहकार के नई दिल्ली दौरे के दौरान उत्पन्न विवाद के बावजूद ढाका ने इस सम्मेलन में भाग लेने का फैसला किया है। बांग्लादेश ने उम्मीद जताई है कि बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय राजनयिक प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाएगा और प्रतिनिधिमंडल को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि बिम्सटेक मंच क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस बैठक में बांग्लादेश की भागीदारी को भारत और बांग्लादेश के बीच सुरक्षा संवाद को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के बीच साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श होगा।





