Top 5 This Week

Related Posts

बांग्लादेश सीमा पर सख्ती के बाद म्यांमार से घुसपैठ का नया रास्ता, यूपी में चार युवतियां पकड़ी गईं

नई दिल्ली/ग्वालियर। भारत में विदेशी नागरिकों को अवैध तरीके से दाखिल कराने वाले नेटवर्क की जांच में घुसपैठ के नए रास्तों का खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया है कि बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ने के बाद कथित नेटवर्क ने म्यांमार से सटे मणिपुर और मिजोरम के पहाड़ी इलाकों के रास्ते भारत में प्रवेश कराने का तरीका अपनाया।

ग्वालियर जीआरपी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से म्यांमार मूल की चार युवतियों समेत छह लोगों को पकड़ा था। जांच के दौरान आरोपितों से पूछताछ में सीमा पार से लोगों को भारत लाने वाले नेटवर्क और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी सामने आई है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरोह पहले भी तीन विदेशी युवतियों को भारत में ला चुका है। सीमा पार कराने के बाद उन्हें अलग-अलग शहरों में भेजे जाने की बात सामने आई है। वहां घरेलू काम, विवाह या स्थानीय लोगों के संपर्क के माध्यम से उनके रहने की व्यवस्था किए जाने का संदेह है।

जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोगों को स्थानीय निवासी के तौर पर स्थापित करने के लिए पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का प्रयास किया गया हो सकता है। पुलिस अब युवतियों के दस्तावेज, मूल पते और परिवार से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।

दो युवतियों के रोहिंग्या होने का दावा

पूछताछ में दो युवतियों के रोहिंग्या होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार इसकी आधिकारिक पुष्टि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका भी सामने आई है। युवतियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें नियमानुसार उनके परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कराने वाले पूरे नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles