हल्द्वानी। राजपुरा समेत पूरे शहर की बदहाल सड़कों, सुशीला तिवारी महिला बेस अस्पताल में व्याप्त लापरवाही और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं सहित जनहित से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला आग के हवाले किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
हेमन्त साहू ने तीखे शब्दों में कहा कि राजपुरा समेत पूरे हल्द्वानी की सड़कें जानलेवा बन चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढों और बदहाल सड़कों के कारण आए दिन लोग परेशान हो रहे हैं। लगातार प्रशासनिक हीलाहवाली और सरकार की उदासीनता के चलते आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सुशीला तिवारी महिला बेस अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं और लापरवाही सरकार के स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के दावों की पोल खोल रही हैं। जनता की समस्याओं पर सरकार और प्रशासन आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों का निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे और इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व पार्षद राजेन्द्र बिष्ट एवं संदीप भसोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। गरीबों और छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
जसविंदर भसीन एवं रेखा जाटव ने कहा कि जनता सरकार की नीतियों और जनविरोधी कार्यप्रणाली से परेशान हो चुकी है। आगामी चुनाव में जनता सरकार को मुंहतोड़ जवाब देगी।
पुतला दहन करने वालों में मुख्य रूप से राजों टंडन, इशाक खान, कौशलेन्द्र भट्ट, संजू उप्रेती, ज्योति आर्या, रेनू आर्या, पंकज कश्यप, सहिमा सिद्दीकी, रेखा जाटव, नरेश जाटव, नीरज कुमार, गोपाल कुमार, पार्वती जाटव, कु. एंजल, अंशिका सिंह, खुशबू कश्यप, नवल आर्या समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





