7 जुलाई को एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस को किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी किशोर को संरक्षण में लिया है और होटल संचालक को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।
7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर को तहरीर मिली कि एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए
धारा 123/127 (2) / 137(2) / 61 / 70(2) बीएनएस एवं 3/4 पॉस्को एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, सीओ सिटी विभव सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर प्रकाश दानू के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी को अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।घटना के खुलासा के लिए पुलिस टीम के साथ ही एसओजी एवं सर्विलांस टीम भी जुटी हुई। खुलासा में जुटी पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरें खंगाले। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म के मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया तथा एक विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में पोक्सो एक्ट की धारा 16/17 की वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस ने होटल संचालक
मनोज कुमार पुत्र नोनी राम
निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी,बरेली यूपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार किच्छा रोड पर टोल के पास चौकी लालपुर क्षेत्र में होटल संचालक है। इसी होटल में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने जल्दी ही पकड़ने का दावा किया है।
एसएसपी ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति पुलिस की शून्य सहनशीलता की नीति है। ऐसे मामलों में संलिप्त प्रत्येक अपराधी को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद पुलिस पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने एवं समाज में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।





