पुलिस चारों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के के साथ मारपीट और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही। पुलिस के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 9 बजे गांधी कॉलोनी मोड़ एक दुकान के पास एक नाबालिग समेत उसके दोस्त के साथ कुछ युवकों ने गाली गलौज करते हुए उसे बेल्ट, धारदार हथियार हमला किया।
उक्त युवकों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बाजार पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने हमला करने में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में चारों ने अपना नाम अतुल, अंकित, राकेश एवं अमन बताया। पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस चारों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।





