रुड़की। पिरान कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स मेले के दौरान सोमवार रात अब्दाल साहब रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मारपीट के बाद मेला क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रास्ते में कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
लंढौरा निवासी साबाज अहमद ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ उर्स मेले में आया था। रात करीब दस बजे वह साथियों के साथ अब्दाल साहब की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने आठ-दस साथियों को बुला लिया और उन्हें घेरकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर साबाज के सिर पर डंडे और धारदार हथियार से वार किया गया। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने उसका गला दबाकर जमीन पर घसीटा और जान से मारने का प्रयास किया। मारपीट में कई लोग घायल हुए।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। तहरीर में आठ-दस अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिरान कलियर में इस समय साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।





