Top 5 This Week

Related Posts

पटेल की विरासत से एकता का संदेश, सपा ने दी लौह पुरुष को श्रद्धांजलि

151वीं जयंती पर अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा—देश की एकता, अखंडता और भाईचारा बनाए रखना ही पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी ने उन्हें याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। आजाद नगर स्थित सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नाडियाड में जन्मे सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद देश के पहले गृहमंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कूटनीति और प्रशासनिक क्षमता से 562 रियासतों का भारत में विलय कराया। इसी ऐतिहासिक योगदान के कारण उन्हें भारत की एकता का शिल्पकार कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से प्रभावित होकर पटेल स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए और खेड़ा तथा बारडोली सत्याग्रह का नेतृत्व कर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। सिद्दीकी ने कहा कि पटेल के आदर्शों पर चलना और देश में आपसी सौहार्द, भाईचारे तथा एकता को कायम रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस दौरान सोमपाल मौर्य, जावेद सिद्दीकी, अरशद अय्यूब, पूर्व पार्षद महबूब आलम, इस्लाम मिकरानी, नईम सलमानी, जावेद मिकरानी, संजय कुमार, अशरफ खान, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, शकील अंसारी, अथर खान, नाजिम खान, सुरेश गुप्ता, समीर मिकरानी, बबलू, सोनी अंसारी, उस्मान सलमानी, फरहत सिद्दीकी और राजू चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles