चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग में 251 नए पद सृजित करने को मंजूरी दी गई। सरकार का उद्देश्य अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी को दूर कर मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार नए पदों से विशेष रूप से चमकौर साहिब और मालेरकोटला सहित संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन को मजबूत किया जाएगा। इससे अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं की क्षमता बढ़ने और मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र में पहले भी भर्ती और पद सृजन पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कैबिनेट ने इसके अलावा दोराहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बिस्तरों वाले अस्पताल को शुरू करने के लिए 51 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी। इनमें डॉक्टरों के साथ फार्मासिस्ट, नर्स, क्लर्क, वार्ड सर्वेंट और सफाई कर्मचारियों के पद शामिल हैं। इससे दोराहा और आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
वहीं, नए जिले मालेरकोटला में खेल विभाग के तीन नए पद बनाने को भी मंजूरी दी गई है। इनमें सीनियर असिस्टेंट, स्टेनो-टाइपिस्ट और क्लर्क के पद शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इससे जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिलेगी।
पंजाब सरकार के इन फैसलों से स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





