देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून एयरपोर्ट से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कनेक्टिविटी का रास्ता खुल सकता है। इसके लिए केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत देहरादून को बड़े एयरपोर्ट हब से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें न मिलने की स्थिति में भी विदेश यात्रा आसान हो सकेगी।
हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत छोटे शहरों के एयरपोर्ट को बड़े हब एयरपोर्ट से जोड़ा जाता है। यात्री अपने शहर के एयरपोर्ट से ही चेक-इन, सामान जमा करने और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे। इसके बाद वे बड़े हब एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान पकड़ सकेंगे।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस मॉडल के जरिए देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों को वैश्विक हवाई नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। वाराणसी से इस व्यवस्था की शुरुआत की जा चुकी है और आने वाले समय में अन्य शहरों को भी इससे जोड़े जाने की योजना है।
देहरादून एयरपोर्ट के इस नेटवर्क से जुड़ने पर उत्तराखंड के यात्रियों को दिल्ली जैसे बड़े एयरपोर्ट पर बार-बार लंबी प्रक्रियाओं से गुजरने की परेशानी कम हो सकती है। खासकर विदेश जाने वाले पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों और कारोबारियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार का उद्देश्य हब-एंड-स्पोक मॉडल के माध्यम से भारतीय विमानन क्षेत्र को मजबूत करना और छोटे शहरों से अंतरराष्ट्रीय यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। देहरादून जैसे पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों वाले शहरों के लिए यह योजना हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





