Top 5 This Week

Related Posts

दीपावली पर आग से बचाव की मुहिम, बाजारों में उतरी फायर ब्रिगेड

पटाखों से हादसे रोकने को पुलिस-फायर सर्विस अलर्ट, दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र रखने की हिदायत

हल्द्वानी। दीपावली की खुशियां कहीं आग और हादसों में न बदल जाएं, इसके लिए नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। त्योहार पर अग्निकांड की आशंका को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। फायर सर्विस की टीम ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और रिहायशी कॉलोनियों में पहुंचकर लोगों को पटाखों से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण और अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिंदर पाल के नेतृत्व में फायर स्टेशन की टीम ने व्यापारियों, नागरिकों और बच्चों को सुरक्षित आतिशबाजी के तरीके बताए। टीम ने संकरी गलियों, तंग रास्तों और बालकनियों में पटाखे जलाने से बचने की सलाह दी। साथ ही आतिशबाजी के दौरान पानी और मिट्टी से भरी बाल्टियां पास रखने तथा सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी।

फायर सर्विस ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में कार्यशील अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए। बच्चों को केवल बड़ों की निगरानी में पटाखे चलाने की सलाह दी गई। अधिकारियों का उद्देश्य दीपावली पर अग्निकांड की घटनाओं पर अंकुश लगाकर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Popular Articles