Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली में डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक पर 122.87 करोड़ रुपये खर्च, संसद में सरकार ने दी जानकारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लोकसभा में जानकारी दी है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक के निर्माण पर 122.87 करोड़ रुपये खर्च किए गए। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संसद में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी देते हुए बताया कि यह स्मारक वर्ष 2018 में स्थापित किया गया था।

संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने स्पष्ट किया कि संस्कृति मंत्रालय ने स्वयं किसी प्रतिमा या स्मारक का निर्माण नहीं कराया है। हालांकि, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) के माध्यम से विभिन्न स्मारकों और प्रतिमाओं के निर्माण का विवरण सरकार ने सदन के पटल पर रखा।

सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक के निर्माण पर 122.87 करोड़ रुपये व्यय किए गए। इसके अलावा गुजरात के नवसारी जिले के दांडी में राष्ट्रीय दांडी स्मारक परिसर के निर्माण पर 59 करोड़ रुपये तथा तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी स्मारक के निर्माण पर 41.34 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके साथ ही नई दिल्ली के जैसलमेर हाउस, सुप्रीम कोर्ट परिसर और एनसीईआरटी कैंपस में स्थापित प्रतिमाओं पर भी अलग-अलग राशि खर्च होने की जानकारी दी गई।

गौरतलब है कि दिल्ली के 26, अलीपुर रोड स्थित डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अप्रैल 2018 को किया था। यह वही स्थान है, जहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे। स्मारक में उनके जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान और संविधान निर्माण में निभाई गई भूमिका को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

Popular Articles