रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसा गणेश मंदिर के पास हुआ। सूचना मिलते ही बचाव और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। महिला की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, घटना की सूचना रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। इसके बाद एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल की टीमें तत्काल तुंगनाथ ट्रेक के लिए रवाना की गईं।
गहरी खाई होने से रेस्क्यू में आई दिक्कत
रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर महिला की तलाश शुरू की। खाई काफी गहरी होने के कारण सर्च अभियान में मुश्किलें सामने आईं। टीमों ने देर रात तक इलाके में खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
रात अधिक होने और अंधेरे के कारण करीब 12:30 बजे अभियान रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह फिर से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
महिला की पहचान अभी नहीं हुई
अधिकारियों के मुताबिक, खाई में गिरी महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बचाव दल आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश कर रहा है। महिला के मिलने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





