नई दिल्ली। इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर विवादों में आए स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि के कई शो रद्द हो गए हैं। पुलकित ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनका नोएडा शो रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते लखनऊ और कानपुर के शो भी रद्द किए गए हैं।
पुलकित मणि ने इंस्टाग्राम पर नोएडा शो रद्द होने की जानकारी देते हुए इसके पीछे ‘अप्रत्याशित और आकस्मिक परिस्थितियों’ का हवाला दिया और दर्शकों से असुविधा के लिए माफी मांगी। बाद में उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लखनऊ और कानपुर के कार्यक्रम रद्द होने का कारण कथित धमकियों को बताया। हालांकि, उन्होंने धमकियों के संबंध में विस्तृत जानकारी या किसी व्यक्ति अथवा संगठन का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
राहुल गांधी के साथ मंच पर की थी मिमिक्री
दरअसल, 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पुलकित मणि राहुल गांधी के साथ मंच पर नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज और सार्वजनिक कार्यक्रमों से जुड़े कुछ प्रसंगों की मिमिक्री करते हुए राजनीतिक व्यंग्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।
भाजपा नेताओं ने जताई आपत्ति
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस की आलोचना की। भाजपा नेताओं ने मिमिक्री में इस्तेमाल किए गए कुछ संदर्भों पर आपत्ति जताई और इसे प्रधानमंत्री तथा उनकी मां से जोड़कर टिप्पणी की। वहीं, कांग्रेस की ओर से इसे राजनीतिक हास्य-व्यंग्य के तौर पर पेश किया गया।
पुलकित मणि स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ डिजिटल कंटेंट भी बनाते हैं। वे राजनीतिक हस्तियों और समसामयिक मुद्दों पर मिमिक्री तथा व्यंग्यात्मक प्रस्तुतियों के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं।





