Top 5 This Week

Related Posts

तरनतारन में पुलिस मुठभेड़, वांछित बदमाश की टांग में लगीं दो गोलियां; पिस्तौल और बाइक बरामद

तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले के मुरादपुर इलाके में शनिवार को पुलिस और एक वांछित आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित की टांग में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया है। मौके से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक रिपूतपन सिंह के अनुसार, थाना सिटी तरनतारन पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांछित आरोपित मुरादपुर क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत सिंह विरदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की।

बंद पेट्रोल पंप में छिपा था आरोपित

पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान आरोपित मुरादपुर स्थित एक बंद पड़े पेट्रोल पंप में जाकर छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि करीब पहुंचने पर आरोपित ने टीम पर गोली चला दी।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित की टांग में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पहले भी पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल आरोपित पहले भी अपने भाई के साथ मिलकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर चुका है। इस मामले में दोनों पुलिस को वांछित थे। मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके भाई की तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर नगर उपाधीक्षक सुखबीर सिंह और उपाधीक्षक डी शिवदर्शन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बरामद पिस्तौल और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles