पुलिस की जांच में बैंक से खाते के अभिलेख और लेनदेन का मिला विवरण
रुद्रपुर। साईबर सेल ऊधम सिंह नगर को समन्वय पोर्टल के माध्यम से नैनीताल बैंक की गंगापुर रोड शाखा से संबंधित संदिग्ध खाते के संबंध में दो शिकायतें मिली थी। इसकी जांच 28 अगस्त को उप निरीक्षक महेश कांडपाल को सौंपी गई। पुलिस ने बैंक से खाते के अभिलेख और लेनदेन का विवरण प्राप्त कर जांच की। बैंक अभिलेख के मुताबिक संदिग्ध खाता राजेन्द्र सिंह पुत्र जसवंत सिंह, निवासी ग्राम बिंदुखेड़ा, दानपुर, थाना रुद्रपुर के नाम पर है।
खाता चार अप्रैल 2026 को खोला गया था। लेनदेन की जांच में पता चला कि एक जून 2026 को खाते में यूपीआइ के माध्यम से दो ट्रांजेक्शन में 156899 रुपये प्राप्त हुए। इस पर साईबर सेल से जानकारी ली तो पता चला कि दोनों लेनदेन के संबंध में राष्ट्रीय साईबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं ने साईबर धोखाधड़ी के माध्यम से रकम बैंक खाते में स्थानांतरित किए जाने की बात कही थी। बैंक अभिलेख, लेनदेन विवरण और साईबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने प्रथमदृष्टया खाते का इस्तेमाल सामान्य बैंकिंग गतिविधियों के बजाय साईबर ठगी की रकम प्राप्त करने, आगे स्थानांतरित करने अथवा निस्तारित करने के लिए किए प्रयोग किए जाने की आशंका जताते हुए खाता धारक पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।





