ऋषिकेश। मालाकुंती के पास सोमवार को डंपर और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ब्यासी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
एसडीआरएफ ब्यासी के मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के अनुसार, दुर्घटना में कार सवार पांच लोग घायल हुए। इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष समेत कुल पांच लोग शामिल थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया था।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार की स्थिति का जायजा लेने के बाद उसमें फंसे यात्रियों को निकालने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच लोगों को कार से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी लोग घायल अवस्था में थे। एसडीआरएफ टीम ने प्राथमिक स्तर पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा। अस्पताल में घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





