नई दिल्ली। चीन की चाइना सदर्न एयरलाइंस ने भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि ग्वांगझू-दिल्ली के बीच नियमित सीधी यात्री उड़ानें 21 सितंबर से फिर शुरू होंगी। यह सेवा करीब छह साल से बंद थी। घोषणा ऐसे समय हुई है, जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं।
रोजाना संचालित होगी उड़ान
चाइना सदर्न एयरलाइंस के अनुसार, ग्वांगझू और दिल्ली के बीच सेवा नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इसके साथ ही दक्षिण एशिया में एयरलाइन के आठ राउंड-ट्रिप मार्गों पर साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 100 से अधिक हो जाएगी। नई सेवा से दोनों देशों के यात्रियों को सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध होगा।
धीरे-धीरे सामान्य हो रहे भारत-चीन संबंध
भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं कोरोना महामारी और इसके बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के कारण प्रभावित हुई थीं। अब दोनों देशों के संबंधों में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं। इस साल चीन की एयर चाइना ने बीजिंग-दिल्ली सेवा फिर शुरू की, जबकि चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने कुनमिंग-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान बहाल की। भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने भी कोलकाता-शंघाई के बीच दैनिक नॉन-स्टॉप सेवा शुरू की है।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
ग्वांगझू-दिल्ली सीधी उड़ान शुरू होने से दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से कारोबारियों, छात्रों और पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क की बहाली को द्विपक्षीय संबंधों में जारी सुधार की एक अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।





