Top 5 This Week

Related Posts

चाय की चुस्की के बाद दंपती बेहोश, जहरखुरानों ने उड़ाई जिंदगी भर की कमाई!

हरिद्वार में मिले तीन संदिग्धों पर शक, ट्रेन में अचेत मिले पति-पत्नी; 49 हजार रुपये और मोबाइल गायब

हल्द्वानी। सफर में दोस्ती, फिर चाय का न्योता और उसके बाद बेहोशी… जहरखुरानी गिरोह के इसी अंदाज ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिमाचल से नेपाल लौट रहे पति-पत्नी को हरिद्वार में मिले तीन संदिग्ध लोगों ने कथित तौर पर चाय पिलाई। इसके बाद दंपती को कुछ याद नहीं रहा। मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में दोनों बेहोशी की हालत में मिले। उनके पास रखे करीब 49 हजार रुपये, मोबाइल फोन और ट्रेन टिकट गायब थे। जीआरपी ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

लालकुआं पहुंची मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में दंपती के बेहोश पड़े होने की सूचना मिलते ही जीआरपी में हड़कंप मच गया। जीआरपी काठगोदाम थानाध्यक्ष संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों को ट्रेन से नीचे उतारा गया, लेकिन वे ठीक से बोलने और घटना की जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे। आधार कार्ड से उनकी पहचान महेंद्र सिंह (60) और उनकी पत्नी शीला देवी (45), निवासी झाझरकोट, नेपाल के रूप में हुई।

हरिद्वार में हुई थी तीन लोगों से मुलाकात

पूछताछ में पता चला कि दंपती हिमाचल प्रदेश में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। मेहनत से जमा की गई रकम लेकर वे नेपाल अपने घर लौट रहे थे। शिमला से बस के जरिए हरिद्वार पहुंचने के बाद उनकी मुलाकात तीन लोगों से हुई। इन लोगों ने खुद को नेपाली बताते हुए नेपाल जाने की बात कही और दंपती से घुल-मिल गए।

इसी दौरान तीनों ने उन्हें चाय-नाश्ता कराया। दंपती के अनुसार चाय पीने के बाद उनकी सुध-बुध जाती रही। इसके बाद क्या हुआ, उन्हें कुछ पता नहीं। जब उन्हें होश आया तो वे ट्रेन में थे और उनका सामान गायब था।

कमाई के 49 हजार भी गायब

महेंद्र सिंह के मुताबिक उसके पास करीब 20 हजार रुपये थे, जबकि पत्नी शीला देवी के पास लगभग 29 हजार रुपये रखे थे। दोनों के मोबाइल फोन और ट्रेन टिकट भी नहीं मिले। इस तरह करीब 49 हजार रुपये की नकदी समेत जरूरी सामान गायब होने से जहरखुरानी गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

धतूरा खिलाने की आशंका

डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. परमजीत सिंह के अनुसार प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों को धतूरा अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कराया गया हो सकता है। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

हरिद्वार से ट्रेन तक खंगाली जाएगी कड़ी

जीआरपी अब दंपती के हरिद्वार पहुंचने से लेकर ट्रेन में सवार होने तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस उन तीन लोगों पर है, जिनसे दंपती की हरिद्वार में मुलाकात हुई थी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि तीनों किस वाहन या ट्रेन से आगे गए और क्या उन्होंने किसी अन्य यात्री को भी अपना निशाना बनाया।

दंपती के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। घटना ने एक बार फिर रेलवे मार्गों पर सक्रिय जहरखुरानी गिरोह को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।

Popular Articles