Top 5 This Week

Related Posts

गणेश चतुर्थी पर पीयूष गोयल के घर पहुंचे पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति, बप्पा के किए दर्शन

नई दिल्ली। गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने पीयूष गोयल के आवास पर गणपति दर्शन किए। उन्होंने भगवान गणेश से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गणेश प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना भी की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी पीयूष गोयल के आवास पर भगवान गणेश की पूजा की। इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन का दौरा किया और वहां गणपति के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी से जुड़ी आस्था, आत्मीयता और एकजुटता की भावना विशेष है।

उपराष्ट्रपति ने भगवान गणेश से सभी के लिए ज्ञान, सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मांगा। वहीं, पीयूष गोयल ने अपने आवास पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी को अपने और परिवार के लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन से कष्ट दूर करने और देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।

गणेश चतुर्थी देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Popular Articles