नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों चर्चा में हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने भारत दौरे और विभिन्न नेताओं से मुलाकात की तस्वीरों व वीडियो को लोकप्रिय बॉलीवुड गानों के साथ साझा किया। उनके इस अंदाज ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत मंडपम में मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए अनवर इब्राहिम ने फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का लोकप्रिय गीत ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ चुना। वहीं, पीएम मोदी के साथ एक अन्य तस्वीर के लिए उन्होंने फिल्म ‘दिल तो पागल है’ का गीत इस्तेमाल किया।
BRICS सम्मेलन में अपने संबोधन के वीडियो के साथ मलेशियाई प्रधानमंत्री ने फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ का गीत लगाया। भारत से रवाना होने के वीडियो में उन्होंने फिल्म ‘लक्ष्य’ का ‘कंधों से मिलते हैं कंधे’ गीत चुना। इन गीतों के चयन को भारत-मलेशिया संबंधों और साथ मिलकर आगे बढ़ने के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरों के साथ उन्होंने फिल्म ‘वीर-जारा’ का गीत ‘ऐसा देश है मेरा’ साझा किया। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ मुलाकात की पोस्ट में उन्होंने पुरानी फिल्म ‘नया दौर’ का गीत ‘साथी हाथ बढ़ाना’ चुना।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तस्वीर के लिए अनवर इब्राहिम ने आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ का ‘चले चलो’ गीत इस्तेमाल किया। गीतों के जरिए अलग-अलग मुलाकातों को पेश करने का उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
भारतीय संगीत के प्रति अनवर इब्राहिम का लगाव नया नहीं है। BRICS के गाला डिनर में भी उन्होंने किशोर कुमार का गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।





