ऋषिकेश। उत्तराखंड के पौड़ी और टिहरी जिलों के बीच गंगा नदी पर प्रस्तावित सिंगटाली मोटर पुल के निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पुल का भूमि पूजन 12 अक्टूबर को सिंगटाली में पौड़ी जिले की ओर किया जाएगा। कार्यक्रम में द्वारीखाल और यमकेश्वर विकासखंड के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों सहित 500 से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), श्रीनगर गढ़वाल की टीम आयोजन की तैयारियों में जुटी है।
58 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पुल
गंगा नदी पर करीब 58 करोड़ रुपये की लागत से 150 मीटर लंबा आर्च मोटर पुल बनाया जा रहा है। इस परियोजना का निर्माण कार्य 4 जून 2026 से शुरू हो चुका है। इसे 31 अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गढ़वाल के विभिन्न इलाकों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
2.270 किलोमीटर लंबी सड़क भी बनेगी
परियोजना के तहत पौड़ी जिले की ओर सिंगटाली झूला पुल से ढांगूगढ़ तक करीब 2.270 किलोमीटर लंबी डबल लेन एप्रोच रोड बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 95.58 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पुल और संपर्क मार्ग तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों को आवाजाही के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
ढोल-दमाऊं के साथ पहुंचेंगे ग्रामीण
सिंगटाली मोटर पुल संघर्ष समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी ने भूमि पूजन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान पारंपरिक ढोल-दमाऊं और मशकबीन के साथ शामिल होंगे। इसके लिए ग्राम प्रधानों को सूचना दी जा चुकी है।
लोनिवि श्रीनगर गढ़वाल के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार के अनुसार, 12 अक्टूबर को भूमि पूजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
गौरतलब है कि भूमि पूजन पहले सितंबर में प्रस्तावित था, लेकिन पंचक और पितृ पक्ष के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब इसे 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।





