Top 5 This Week

Related Posts

कैंची धाम जाने से पहले सावधान! दो दिन बदले रहेंगे पहाड़ के रास्ते, टैक्सी-बाइक की एंट्री बंद

वीकेंड पर उमड़ेंगे श्रद्धालु और पर्यटक, भारी वाहनों पर रात 11 बजे तक रोक; निजी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी कर शटल से पहुंचेंगे बाबा नीम करौली के दरबार

हल्द्वानी। बाबा नीम करौली के दरबार में दर्शन की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले रास्तों का नया हिसाब समझ लीजिए। कैंची धाम, भवाली और भीमताल में वीकेंड पर संभावित पर्यटक और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने दो दिन के लिए यातायात की व्यवस्था बदल दी है। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदलेगा, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी और कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी व दोपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। निजी वाहन लेकर पहुंचने वालों को भी पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर शटल सेवा से मंदिर जाना होगा।

31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लागू रहेगा प्लान

नैनीताल पुलिस के अनुसार 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। भारी वाहनों पर सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। इन्हें जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।

पहाड़ जाने और मैदान लौटने का बदलेगा रास्ता- अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदान आने वाले वाहन: लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। हल्द्वानी-काठगोदाम से पहाड़ जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए आगे जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से जाएंगे।

कैंची धाम पहुंचने के लिए गाड़ी नहीं, शटल बनेगी सहारा

पुलिस ने निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई है। भीमताल की ओर से आने वाले वाहन: विकास भवन पार्किंग भीमताल में खड़े होंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम पहुंच सकेंगे।- ज्योलिकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन: भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा मंदिर तक पहुंचाएगी।

टैक्सी और बाइक वालों की मुश्किल बढ़ी

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

पुलिस की अपील, नियम तोड़ा तो बढ़ेगी परेशानी

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात प्लान का पालन करने से अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सकेगा तथा सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम रहेगी।

Popular Articles