किच्छा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के सतत प्रयासों से किच्छा में बहुप्रतीक्षित मिनी स्टेडियम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठ गया है। सोमवार को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ किच्छा स्थित इंदिरा गांधी खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
बीते दिनों पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर किच्छा में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने युवाओं की आवश्यकताओं एवं क्षेत्र के खेल विकास को प्राथमिकता देते हुए तत्काल जिला विकास प्राधिकरण को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में अधिकारियों ने निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के वीसी जय किशन ने बताया कि प्रस्तावित मिनी स्टेडियम में क्रिकेट पिच, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निरीक्षण कर लिया गया है तथा शीघ्र ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट एवं एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
पूर्व विधायक ने प्रदेश के सीएम धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री सदैव संवेदनशील रहे हैं और क्षेत्र की प्रत्येक जनहितकारी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है। कहा कि मिनी स्टेडियम का निर्माण किच्छा के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, उनकी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलेगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होगा, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। किच्छा में मिनी स्टेडियम का निर्माण भी इसी विकासवादी सोच का परिणाम है, जिससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र के हजारों युवा लाभान्वित होंगे!इस दौरान अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, पूरन भट्ट,नितिन फुटेला,विजय अरोड़ा,अंशुल गंगवार धर्मराज जयसवाल, चंदन जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





