पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार को कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। राजपुरा-सरहिंद रेलवे लाइन पर सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। डिब्बों से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री खिड़कियों और दरवाजों से नीचे कूदने लगे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन के स्लीपर कोच में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई यात्री अपना सामान छोड़कर बाहर निकल आए।
14 यात्री घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
इस घटना में कुल 14 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को राजपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ यात्रियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी रहा। आग की चपेट में आने से एक यात्री की पीठ भी झुलस गई। वहीं, ट्रेन से कूदने के दौरान कई यात्रियों को चोटें आईं।
पुलिस और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एसडीएम राजपुरा रविंदर सिंह, रेलवे पुलिस के एसएचओ गुरप्रीत सिंह और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।




