नई दिल्ली। ओमान के तट के पास पनामा के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी एल गैया पर हुए हमले के बाद एक भारतीय नाविक लापता है। जहाज पर सवार 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता नाविक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है। भारत ने हमले की कड़ी निंदा की है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले के बाद ओमान के अधिकारी राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। भारत ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी जताया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना स्वीकार्य नहीं है। भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति बहाल करने के लिए संवाद एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील दोहराई है।
ओमान के आसपास और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में हाल के महीनों में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। इन घटनाओं में बड़ी संख्या में भारतीय नाविक प्रभावित हुए हैं। भारत के लिए यह चिंता का विषय है, क्योंकि बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों पर काम करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय संघर्षों के बीच नाविकों की सुरक्षा के लिए ‘नाविक आपात सहायता नेटवर्क’ बनाने का प्रस्ताव भी रखा था। मौजूदा घटना ने खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।





