Top 5 This Week

Related Posts

एलटी शिक्षकों पर टीईटी की बाध्यता के खिलाफ उतरा शिक्षक संघ

विधायक सुमित हृदयेश से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, बोले- सेवा के अंतिम पड़ाव पर दोबारा परीक्षा लेना अन्यायपूर्ण

हल्द्वानी। राजकीय शिक्षक संघ, उत्तराखंड शाखा नैनीताल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश से उनके आवास पर मुलाकात कर एलटी शिक्षकों पर टीईटी की बाध्यता लागू किए जाने का विरोध जताया। संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट देने की मांग की।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि एलटी शिक्षकों की नियुक्ति निर्धारित सेवा नियमावली के तहत शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के आधार पर विधिवत चयन प्रक्रिया से हुई है। कई शिक्षक वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में पूर्व से कार्यरत शिक्षकों पर नई टीईटी बाध्यता लागू होने से उनकी सेवा, पदोन्नति और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।

विधायक सुमित हृदयेश ने टीईटी की बाध्यता को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए इसे शिक्षकों के साथ अन्यायपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने नियमों के तहत नियुक्त होकर वर्षों तक हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवारा, उनसे सेवा के इस पड़ाव पर दोबारा परीक्षा देने की अपेक्षा करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि 50 से 55 वर्ष की उम्र में शिक्षकों को दोबारा परीक्षा के लिए बाध्य करना व्यावहारिक रूप से भी कठिन है। सरकार को शिक्षकों के अनुभव, सम्मान और सेवा-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानवीय एवं न्यायसंगत निर्णय लेना चाहिए।

विधायक ने शिक्षक संघ को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों से जुड़े इस मामले में जरूरत पड़ने पर शासन स्तर पर भी प्रभावी पैरवी की जाएगी।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर अचानक नई बाध्यता थोपना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष मदन गोस्वामी ने किया। इस दौरान मंडलीय उपाध्यक्षा प्रीति मजगाई, पूर्व मंडलीय अध्यक्ष डॉ. गोकुल मर्तोलिया, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विवेक पाण्डेय, हेम त्रिपाठी, पान सिंह मेहता, एनएमओपीएस नैनीताल अध्यक्ष मीनाक्षी कीर्ति, रश्मि पांडे, गणेश जोशी, धीरेन्द्र मिश्रा, त्रिलोक ब्रजवासी, कुलदीप जोशी, जगदीश कुमार विमल, बलवंत हयांकी और कृष्ण सोनाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

Popular Articles