उत्तरांचल दीप हल्द्वानी। शहर के व्यस्त नैनीताल रोड पर स्थित एमबीपीजी कॉलेज के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि व्यक्ति को बचने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और बोलेरो का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के चलते नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को जल्द ही सुचारु कर दिया गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले में चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।





