श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के श्रीनगर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक निजी एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, आवास विकास ग्राउंड के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक निजी इको एंबुलेंस संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलो गांजा बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने रविंद्र सिंह बिष्ट (45) को गिरफ्तार किया। वह चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल का रहने वाला बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है।
रुद्रप्रयाग से गांजा लाने का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था। यहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
श्रीनगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग और निगरानी बढ़ाई गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गांजे की आपूर्ति करने वाले तथा इसे आगे खपाने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





