नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया है। प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और भविष्य की विकास यात्रा के लिए इन क्षेत्रों में घरेलू क्षमताओं को तेजी से विकसित करना आवश्यक है।
बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि विभागों को अलग-अलग काम करने के बजाय साझा उद्देश्य के साथ टीम भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा मुद्दा है। इसलिए स्वदेशी क्षमता, नवाचार और ऊर्जा स्रोतों के विविधीकरण के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घरेलू अनुसंधान एवं विकास को मजबूत करने और महत्वपूर्ण तकनीकों में भारत की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए मजबूत साइबर सुरक्षा तंत्र विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा को एक राष्ट्रीय जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सुधार एक सतत प्रक्रिया है और बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप शासन व्यवस्था को लगातार आधुनिक बनाना होगा। उन्होंने उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप नए शैक्षणिक पाठ्यक्रम विकसित करने और युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही रणनीतिक क्षेत्रों में सरकार की पहल को लेकर प्रभावी संवाद और भ्रामक सूचनाओं का समय रहते जवाब देने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
बैठक में वित्त एवं अर्थव्यवस्था, वाणिज्य एवं उद्योग तथा प्रौद्योगिकी से जुड़े मंत्रालयों के कार्यों की समीक्षा की गई। सरकार का मानना है कि बेहतर समन्वय, आत्मनिर्भरता और नवाचार पर आधारित यह रणनीति विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





