Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी तेज बारिश, आकाशीय बिजली और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है।

 

Popular Articles