Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में चुनावी मोड में भाजपा, विकास के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी

हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन ने आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को निशाने पर लेते हुए दलित सम्मान, तुष्टिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।

दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनकी उपलब्धियों पर चर्चा की गई और उनके योगदान के लिए आभार जताया गया। दूसरा प्रस्ताव ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़ा रहा, जिसे केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रखा।

बैठक में वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के रुख की भी भाजपा ने आलोचना की। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा।

कार्यसमिति की बैठक और नेताओं के बयानों से स्पष्ट है कि भाजपा ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। अब पार्टी संगठन सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दों में बदलकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

 

Popular Articles