Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में एसआईआर: सर्वाधिक वोटर डिलीट होने वाली टॉप-10 सीटों में छह भाजपा और चार कांग्रेस की

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से सर्वाधिक नाम हटने वाले विधानसभा क्षेत्रों की सूची सामने आई है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की शीर्ष-10 सीटों में छह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चार कांग्रेस के कब्जे वाली विधानसभा सीटें शामिल हैं।

सबसे अधिक वोटर डिलीट होने के मामले में देहरादून की धर्मपुर विधानसभा पहले स्थान पर है, जहां 29,251 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इसके बाद काशीपुर (28,701), बाजपुर (28,520), ऋषिकेश (27,120) और किच्छा (27,068) का स्थान है। शीर्ष-10 सूची में रायपुर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, चकराता और भेल रानीपुर भी शामिल हैं।

आंकड़ों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि सर्वाधिक वोटर डिलीट होने वाली सीटों में देहरादून और ऊधम सिंह नगर जिलों का दबदबा है। इससे संकेत मिलता है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और छंटनी का सबसे बड़ा प्रभाव इन्हीं जिलों में देखने को मिला है।

विसंगतियों के मामलों में भी धर्मपुर विधानसभा प्रदेश में शीर्ष पर है। यहां 53,883 मतदाताओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ियां दर्ज की गई हैं। इसके बाद सहसपुर, रुद्रपुर, रायपुर, काशीपुर, डोईवाला, ऋषिकेश, भेल रानीपुर, खानपुर और गदरपुर का स्थान है। शीर्ष-10 में अकेले देहरादून जिले की पांच विधानसभा सीटें शामिल हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गई हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुरक्षित रह सकें।

Popular Articles