Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, चार जिलों में बारिश के आसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान

देहरादून। उत्तराखंड में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने के बाद शुक्रवार से फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में बदलाव से पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ सकती है। 

मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

सुबह-शाम के साथ दिन में भी बढ़ेगी ठंड

बीते दिनों मौसम साफ रहने और चटक धूप खिलने से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में लोगों को राहत मिली थी। हालांकि, सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास होने लगा है। अब पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

26 अक्तूबर तक बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 अक्तूबर तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में सुबह और शाम के साथ दिन के समय भी लोगों को ठंड महसूस हो सकती है।

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Popular Articles