Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों को धार देंगे भाजपा प्रभारी राम माधव, आज देहरादून में संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज शुक्रवार को देहरादून पहुंचेंगे। यहां वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद तीनों नेता प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, शुक्रवार को सबसे पहले प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद पांच जिलाध्यक्षों के साथ भी प्रभारी और सह प्रभारी चर्चा करेंगे। बैठकों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कुमाऊं और उत्तरकाशी में करेंगे प्रवास

संगठनात्मक बैठकों के बाद भाजपा के सह प्रभारी अरविंद मेनन 24 अक्तूबर से कुमाऊं मंडल के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। वहीं, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज का तीन दिवसीय उत्तरकाशी और आसपास के जिलों का प्रवास 28 अक्तूबर से शुरू होगा।

इन प्रवास कार्यक्रमों के जरिए पार्टी नेतृत्व प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी तैयारियों की जमीनी स्थिति का आकलन करेगा।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी के संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा भी लगातार विभिन्न संगठनात्मक जिलों का दौरा कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने टिहरी में संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

भाजपा नेतृत्व का जोर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों को मजबूत बनाने पर है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के आगामी दौरे को चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles