देहरादून। उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का खिताब हासिल किया। जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचीं प्रतिभागियों के बीच अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति से अलग पहचान बनाई।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को जयपुर स्थित जी स्टूडियो में आयोजित किया गया। करीब 40 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 51 प्रतिभागियों ने विभिन्न चरणों और चुनौतियों में हिस्सा लिया। अनुभा ने पूरे सफर में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंतिम चरण तक अपनी जगह बनाई।
2024 में भी पहुंची थीं टॉप-20 में
अनुभा वशिष्ठ का पेजेंट्री सफर नया नहीं है। वह वर्ष 2024 में भी मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में शामिल हुई थीं और टॉप-20 फाइनलिस्ट तक पहुंची थीं। इसके बाद उन्होंने मेहनत और अनुभव के साथ वापसी की। वर्ष 2026 में उन्होंने मिस यूनिवर्स उत्तराखंड का खिताब हासिल कर राष्ट्रीय मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
अनुभा मॉडलिंग और ब्यूटी इंडस्ट्री से भी जुड़ी हैं। वह प्रोफेशनल मेकअप एजुकेटर के तौर पर काम करती हैं। उनके सफर में मॉडलिंग, पेजेंट्री और व्यक्तिगत विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उत्तराखंड की संस्कृति को मंच तक पहुंचाने की कोशिश
अनुभा ने प्रतियोगिता के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति, विरासत और मूल्यों को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने की इच्छा जताई थी। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने जीता। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव ने भी शीर्ष स्थानों पर जगह बनाई।
अनुभा वशिष्ठ की यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने साबित किया कि पहाड़ की बेटियां भी बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा और पहचान मजबूती से दर्ज करा सकती हैं।





