अलास्का: अमेरिका की सबसे ऊँची पर्वत चोटी माउंट मैककिनले (डेनाली) पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें लातविया के तीन पर्वतारोहियों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सात सदस्यीय पर्वतारोहण दल चोटी की ओर बढ़ रहा था।
जानकारी के अनुसार, चढ़ाई के दौरान लगभग 18,200 फीट की ऊँचाई पर स्थित डेनाली पास के पास चार पर्वतारोही अचानक फिसलकर गहरी खाई की ओर गिर गए। इनमें से तीन पर्वतारोहियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद दल के तीन अन्य सदस्य सुरक्षित रहे और उन्होंने अपने साथियों की मदद करने की कोशिश की, जिसके बाद वे सुरक्षित कैंप तक लौट आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नेशनल पार्क सर्विस की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा दल एक अनुभवी पर्वतारोहण अभियान पर था, लेकिन डेनाली क्षेत्र की खतरनाक ढलानें, बर्फीली चट्टानें और अचानक बदलते मौसम अक्सर यहां हादसों का कारण बनते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह क्षेत्र तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है और यहां हर साल कई पर्वतारोही जोखिम का सामना करते हैं।
स्थानीय पर्वतारोहण संघ ने मृतकों की पहचान इनेसे पुचेका, विया ओल्टे और रेनार्स कुनिग्स-सेलाक्स के रूप में की है। संघ ने इस घटना को पूरे पर्वतारोहण समुदाय के लिए गहरा आघात बताया है।
डेनाली, जिसे पहले माउंट मैककिनले के नाम से जाना जाता था, उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊँची चोटी है और यहां चढ़ाई को दुनिया की सबसे कठिन पर्वतारोहण यात्राओं में से एक माना जाता है। हर साल सैकड़ों पर्वतारोही यहां अपनी किस्मत आजमाते हैं, लेकिन कठिन मौसम और ऊँचाई के कारण कई बार जानलेवा हादसे भी हो जाते हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में पर्वतारोहण सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।





