Top 5 This Week

Related Posts

PIA की नई यूनिफॉर्म पर सोशल मीडिया में छिड़ी बहस, लोगों ने पूछा- अब AC भी चलेगा?

नई दिल्ली। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने अपने केबिन क्रू की यूनिफॉर्म को नया रूप देने के लिए नौ पाकिस्तानी डिजाइनरों के साथ फैशन शो आयोजित किया। 16 सितंबर को हुए इस शो में वर्ष 2026 के लिए एयरलाइन की नई यूनिफॉर्म के डिजाइन पेश किए गए। PIA ने इसे फैशन, कार्यक्षमता और एयरलाइन की पहचान के मेल के रूप में प्रस्तुत किया।

एयरलाइन ने शो का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। इसमें अलग-अलग डिजाइनरों की ओर से तैयार किए गए यूनिफॉर्म डिजाइन प्रदर्शित किए गए। हालांकि, यूनिफॉर्म के नए लुक के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं रही। कई यूजर्स ने एयरलाइन की सेवाओं और परिचालन से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए।

सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल

कुछ यूजर्स ने नई यूनिफॉर्म पर तंज कसते हुए कहा कि एयरलाइन को सबसे पहले अपनी उड़ानों और यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। एक यूजर ने सवाल किया कि क्या नई यूनिफॉर्म के साथ विमानों में एयर कंडीशनिंग भी ठीक से काम करेगी। अन्य प्रतिक्रियाओं में नए विमानों, बेहतर सेवाओं और अधिक उड़ान मार्गों पर ध्यान देने की मांग की गई।

एक सोशल मीडिया यूजर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि नई डिजाइन वाली यूनिफॉर्म पहनी एयर होस्टेस कहीं उड़ान के अनिश्चितकाल तक विलंबित होने की सूचना न दे दे। वहीं कुछ अन्य यूजर्स ने कहा कि ब्रांडिंग और यूनिफॉर्म से पहले एयरलाइन के इंजीनियरिंग, संचालन और विमानों से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार किया जाना चाहिए।

PIA का यह मेकओवर ऐसे समय में सामने आया है जब एयरलाइन के भविष्य, सेवा गुणवत्ता और निजीकरण को लेकर चर्चा जारी है। नई यूनिफॉर्म के जरिए एयरलाइन अपनी छवि को नया रूप देने की कोशिश कर रही है, लेकिन सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि कई यात्रियों का ध्यान अभी भी सेवा और परिचालन संबंधी मुद्दों पर है।

Popular Articles