Top 5 This Week

Related Posts

NEET-PG 2026 में बड़े बदलाव: घर के नजदीक मिलेंगे परीक्षा केंद्र, एक ही शिफ्ट में होगी परीक्षा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-PG) 2026 को अधिक पारदर्शी और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए प्रावधानों के तहत अब अभ्यर्थियों को उनके घर के नजदीक परीक्षा केंद्र आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, परीक्षा इस बार देशभर में केवल एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, उम्मीदवार आवेदन के समय परीक्षा केंद्र के लिए तीन राज्यों का विकल्प दे सकेंगे, जिसमें उनके निवास वाला राज्य पहली प्राथमिकता होगा। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को लंबी दूरी की यात्रा से राहत देना और परीक्षा केंद्र उनके निवास के अधिक निकट उपलब्ध कराना है। इसके अलावा, परीक्षा शहर की जानकारी परीक्षा से लगभग तीन सप्ताह पहले उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि अभ्यर्थी समय रहते अपनी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर सकें।

इस वर्ष परीक्षा को एक ही शिफ्ट में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान परिस्थितियों में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। पहले बहु-शिफ्ट परीक्षा और सामान्यीकरण (नॉर्मलाइजेशन) प्रक्रिया को लेकर उठे विवादों के बाद यह बदलाव किया गया है। इसके साथ ही प्रश्नों की संख्या में कमी की गई है, जबकि परीक्षा की कुल अवधि पहले की तरह ही रहेगी। इससे प्रत्येक प्रश्न के लिए अभ्यर्थियों को अधिक समय मिलेगा।

परीक्षा की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधार आधारित प्रमाणीकरण, बायोमेट्रिक सत्यापन, आईरिस स्कैन, एन्क्रिप्टेड प्रश्नपत्र और लाइव मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और पूरी तरह पारदर्शी बनाना है।

सरकार का मानना है कि इन सुधारों से लाखों मेडिकल स्नातकों को राहत मिलेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय तथा सुविधाजनक बनेगी। परीक्षा 30 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी।

Popular Articles