Top 5 This Week

Related Posts

KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी ईको; तीन की मौत, नौ घायल

सोनीपत, 3 सितंबर। हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। खरखौदा क्षेत्र में मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब पांच बजे गोपालपुर गांव की सीमा के पास हुआ। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत 12 लोग झज्जर की ओर बाजरा काटने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर उनकी ईको गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई। मृतकों में रामनरेश पुत्र रामचंद्र निवासी बड़ेपुरा की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। दो शवों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जबकि एक शव क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे में घायल सभी नौ लोग पीलीभीत के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घायलों को तत्काल खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है।

Popular Articles