Top 5 This Week

Related Posts

FT MiM Ranking 2026: दुनिया के टॉप 100 में 14 भारतीय बिजनेस स्कूल, IIM बैंगलोर भारत में नंबर-1

नई दिल्ली। भारतीय प्रबंधन संस्थानों ने वैश्विक स्तर पर एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। फाइनेंशियल टाइम्स (FT) की मास्टर्स इन मैनेजमेंट (MiM) रैंकिंग 2026 में दुनिया के शीर्ष 100 बिजनेस स्कूलों में भारत के 14 संस्थानों ने जगह बनाई है। इनमें सात भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) शामिल हैं। भारतीय संस्थानों में IIM बैंगलोर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 21वीं वैश्विक रैंक हासिल की है।

IIM बैंगलोर की रैंकिंग में लगातार सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2025 में संस्थान 28वें और 2024 में 41वें स्थान पर था। इस बार 21वीं रैंक हासिल कर उसने भारत के सभी बिजनेस स्कूलों को पीछे छोड़ दिया है।

भारत में दूसरे स्थान पर SPJIMR मुंबई रहा, जिसे वैश्विक स्तर पर 26वीं रैंक मिली है। वहीं IIM अहमदाबाद 27वें स्थान के साथ शीर्ष 30 में शामिल है। XLRI को 33वीं और IIM कलकत्ता को 39वीं रैंक मिली है।

ये 14 भारतीय संस्थान टॉप-100 में

FT MiM 2026 रैंकिंग में भारतीय संस्थानों की स्थिति इस प्रकार रही:

  • IIM बैंगलोर — 21वीं रैंक
  • SPJIMR मुंबई — 26वीं
  • IIM अहमदाबाद — 27वीं
  • XLRI — 33वीं
  • IIM कलकत्ता — 39वीं
  • IIM कोझिकोड — 54वीं
  • IIM इंदौर — 62वीं
  • MDI गुड़गांव — 67वीं
  • IIM लखनऊ — 72वीं
  • NMIMS मुंबई — 73वीं
  • IIM उदयपुर — 83वीं
  • IMT गाजियाबाद — 86वीं
  • IMI दिल्ली — 90वीं
  • टीए पाई मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, कर्नाटक — 98वीं

करियर और अंतरराष्ट्रीय अवसरों के आधार पर मूल्यांकन

फाइनेंशियल टाइम्स की यह रैंकिंग बिजनेस स्कूलों का मूल्यांकन कई मानकों के आधार पर करती है। इनमें छात्रों के ग्रेजुएशन के बाद करियर के अवसर, वेतन में वृद्धि, शिक्षा पर किए गए खर्च के मुकाबले मिलने वाला लाभ और अंतरराष्ट्रीय अनुभव जैसे पहलू शामिल हैं। रैंकिंग में पूर्व छात्रों की राय को 56 प्रतिशत और संस्थानों से प्राप्त आंकड़ों को 44 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।

वैश्विक स्तर पर स्विट्जरलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट गैलेन ने पहला स्थान हासिल किया। पुर्तगाल का नोवा स्कूल ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स दूसरे और चीन की शंघाई जिआओ टोंग यूनिवर्सिटी के एंटाई कॉलेज ऑफ इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

भारत के 14 संस्थानों का दुनिया के शीर्ष 100 में शामिल होना देश की प्रबंधन शिक्षा और वैश्विक स्तर पर भारतीय बिजनेस स्कूलों की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

Popular Articles