नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।
10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक चलेंगी
सीबीएसई की ओर से जारी टाइम टेबल के मुताबिक, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। सभी परीक्षाओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीख भी तय
बोर्ड ने थ्योरी परीक्षाओं के साथ प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम भी निर्धारित किया है। सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं, विंटर-बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच होंगी।
सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे पेपर
सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन एक ही पाली में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। विषय के अनुसार कुछ पेपर दो घंटे के होंगे, जबकि कुछ परीक्षाओं के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है। तीन घंटे वाले पेपर दोपहर 1:30 बजे और दो घंटे वाले पेपर दोपहर 12:30 बजे समाप्त होंगे।
ऐसे डाउनलोड करें डेटशीट
छात्र नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं।
-
सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं।
-
होमपेज पर Latest @ CBSE सेक्शन खोलें।
-
Class X और Class XII Board Examination 2027 Date Sheet के लिंक पर क्लिक करें।
-
स्क्रीन पर डेटशीट की पीडीएफ खुल जाएगी।
-
इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए प्रिंटआउट निकाल लें।
बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से करीब 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है, जिससे विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी और रिवीजन के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।





