बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बताया कि वे गंजम जिले में अपनी पारंपरिक सीट हिंजिली के अलावा बोलंगीर जिले के कांटाबांजी निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इसकी घोषणा बुधवार को ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी करते हुए की। बता दें कि पटनायक 2019 विधानसभा चुनाव में भी दो सीटों से चुनाव लड़े थे और हिंजिली एवं पश्चिमी ओडिशा के बारगढ़ जिले में बिजेपुर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने बिजेपुर सीट छोड़ दिया था। ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए जारी नौ उम्मीदवारों की पांचवी सूची में छह महिलाएं और चार दलबदलू भी शामिल हैं। इन दलबदलू नेताओं में अरुंधति देवी (देवगढ़), दिलीप कुमार नायक (निमापारा), राजेंद्र कुमार छत्रिया (कुचिंदा) और लक्ष्मीप्रिया नायक (चित्रकोंडा) को विधानसभा चुनाव का टिकट दिया गया है। पार्टी ने अपने चार मौजूदा विधायकों का नाम सूची से हटा दिया है, जिनमें पूर्ण चंद्र बाका (चित्रकोंडा), किशोर चंद्र नाइक (कुचिंडा), रजनीकांत सिंह (अंगुल) और समीर रंजन दास (निमापारा) का नाम शामिल हैं।