Top 5 This Week

Related Posts

स्पेन के कैनरी द्वीप के पास बड़ा नाव हादसा, 14 प्रवासियों की मौत; करीब 90 लोगों को बचाया गया

मैड्रिड। स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास अटलांटिक महासागर में प्रवासियों से भरी एक नाव के मिलने से बड़ा हादसा सामने आया है। नाव में सवार कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 90 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बचाए गए लोगों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

स्पेन की समुद्री बचाव एजेंसियों के अनुसार, करीब 100 लोगों को लेकर जा रही यह नाव एल हिएरो द्वीप से लगभग 72 किलोमीटर दक्षिण में समुद्र में मिली थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव गाम्बिया की राजधानी बंजुल से रवाना हुई थी और करीब 10 दिनों से समुद्र में यात्रा कर रही थी। बताया गया है कि नाव का इंजन तीन दिन पहले खराब हो गया था, जिसके बाद वह समुद्र में भटक रही थी।

बचाव दल ने नाव में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। छह गंभीर रूप से बीमार और घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य जीवित बचे लोगों को चिकित्सा सहायता और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस घटना पर कैनरी द्वीप समूह के क्षेत्रीय प्रमुख फर्नांडो क्लाविहो ने गहरा दुख जताया। उन्होंने स्पेन सरकार और यूरोपीय आयोग से प्रवासियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उनका कहना है कि इस मानवीय संकट का समाधान केवल यूरोप में नहीं, बल्कि सेनेगल और गाम्बिया जैसे अफ्रीकी देशों में भी तलाशना होगा।

गौरतलब है कि पश्चिमी अफ्रीका से स्पेन के कैनरी द्वीप तक पहुंचने वाला समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवासी मार्गों में शामिल है। हर साल हजारों लोग बेहतर भविष्य की उम्मीद में खतरनाक समुद्री यात्रा करते हैं। इस दौरान खराब मौसम, तेज समुद्री लहरों और नावों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है।

Popular Articles