रोम। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव करते हुए स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित करने का फैसला किया गया है। इतालवी संसद के निचले सदन ने 26 नवंबर को नए शिक्षा कानून को अंतिम मंजूरी दे दी। इसके पक्ष में 142, जबकि विरोध में 112 वोट पड़े। चार सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
चेहरा ढकने वाले कपड़ों पर रोक
नए कानून के तहत स्कूलों में ऐसी पोशाक पहनकर शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी, जिससे विद्यार्थी का चेहरा पहचानना मुश्किल हो। इस प्रावधान के तहत मुस्लिम महिलाओं और छात्राओं द्वारा पहने जाने वाले बुर्का और नकाब पर रोक लगेगी। हालांकि, हिजाब पहनने पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
विदेशी छात्रों के लिए 30 प्रतिशत की सीमा
सरकार ने पहली कक्षा में दाखिले के दौरान कुछ विदेशी छात्रों की संख्या अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित की है। यह नियम उन विद्यार्थियों पर लागू होगा, जिन्हें इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं है और जिन्होंने निर्धारित अवधि तक इटली की शिक्षा व्यवस्था में पढ़ाई नहीं की है।
प्राथमिक विद्यालयों में इटली में जन्मे बच्चों और कम से कम दो वर्ष प्री-स्कूल में पढ़ चुके विद्यार्थियों को इस सीमा से छूट मिलेगी। माध्यमिक विद्यालयों में तीन वर्ष तक इतालवी शिक्षा प्रणाली में पढ़ाई करने वाले छात्र भी इसके दायरे से बाहर रहेंगे।
विदेशी अभिभावकों को भी सीखनी होगी इतालवी भाषा
नए कानून में उन विदेशी अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा की कक्षाएं अनिवार्य करने का प्रावधान है, जिनके बच्चों को भाषा और शिक्षा व्यवस्था में तालमेल बैठाने में कठिनाई होती है। सरकार का कहना है कि इससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और उनका समाज में एकीकरण आसान होगा।
विपक्ष ने बताया भेदभावपूर्ण फैसला
प्रधानमंत्री मेलोनी की सरकार के इस फैसले का विपक्ष ने विरोध किया है। विपक्षी सांसदों ने संसद में ‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं होता’ लिखे पोस्टर दिखाकर विरोध जताया। विपक्ष का कहना है कि विदेशी बच्चों की संख्या सीमित करने के बजाय स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, शिक्षा मंत्री ग्यूसेपे वाल्दितारा ने कानून का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विदेशी छात्रों का बेहतर एकीकरण और सभी विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।





