Top 5 This Week

Related Posts

कैंसर के इलाज की जंग लड़ रहे बुजुर्ग को साइबर ठगों ने लूटा, जल निगम अधिकारी बन उड़ाए 1.29 लाख रुपये

हल्द्वानी। जिंदगी बचाने के लिए कैंसर से जूझ रहे बुजुर्ग को साइबर ठगों ने एक और गहरा जख्म दे दिया। उत्तराखंड जल निगम का अधिकारी बनकर आए जालसाजों ने आईडी रजिस्ट्रेशन के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि बुजुर्ग के दो बैंक खातों से महज 38 मिनट के भीतर 1 लाख 29 हजार 87 रुपये गायब हो गए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने किसी को ओटीपी तक साझा नहीं किया, इसके बावजूद ठगों ने बैंक खातों पर हाथ साफ कर दिया। कैंसर के इलाज के लिए दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे बुजुर्ग को जब ठगी का पता चला तो उनके होश उड़ गए। मामले में मुखानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनुपम विहार, लोहारियासाल मल्ला निवासी गिरीश चंद्र चंदोला के अनुसार, 22 नवंबर को उनके मोबाइल पर उत्तराखंड जल निगम के नाम से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को विभाग से जुड़ा बताकर उनकी आईडी पंजीकृत कराने के लिए कहा। भरोसे में आए बुजुर्ग ने बताए गए ऐप पर सामान्य जानकारियां भर दीं। इसके बाद उनसे पंजीकरण के नाम पर महज 10 रुपये जमा करने को कहा गया।

गूगल पे के माध्यम से एसबीआई और एचडीएफसी बैंक से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन लेनदेन सफल नहीं हुआ। कुछ देर बाद दोनों बैंकों से लगातार ओटीपी आने लगे। बुजुर्ग ने किसी को भी ओटीपी साझा नहीं किया। इसी बीच बैंकों से संदिग्ध लेनदेन को लेकर फोन आया। उन्होंने तत्काल कार्ड और गूगल पे बंद कराने का अनुरोध किया। बंद होने के संदेश भी मोबाइल पर आ गए, लेकिन तब तक साइबर ठग अपना काम कर चुके थे।

दोपहर में बैंक खाते से 1,21,889 रुपये और दूसरे खाते से 7,198 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह बुजुर्ग को 1,29,087 रुपये की चपत लग गई।
पीड़ित ने बताया कि 23 नवंबर को उन्हें कैंसर के इलाज के सिलसिले में इम्यूनोथेरेपी के लिए नई दिल्ली जाना था। यात्रा और उपचार की व्यस्तता के चलते वह तत्काल बैंक नहीं पहुंच सके। 25 नवंबर को उन्होंने एचडीएफसी बैंक की दुर्गा सिटी शाखा और एसबीआई की कुसुमखेड़ा शाखा पहुंचकर धोखाधड़ी की जानकारी दी।

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे बुजुर्ग की इलाज के लिए रखी रकम पर साइबर ठगों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles