Top 5 This Week

Related Posts

UKPSC ने जारी किया 11 भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर, 29 नवंबर से PCS प्रारंभिक परीक्षा; जुलाई 2027 तक होंगी परीक्षाएं

हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने प्रदेश में विभिन्न विभागों में होने वाली 11 भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं का सिलसिला 29 नवंबर 2026 से शुरू होकर जुलाई 2027 तक चलेगा। इसमें पीसीएस, प्रवक्ता, व्यक्तिगत सहायक, कर एवं राजस्व निरीक्षक, पशु चिकित्साधिकारी, समीक्षा अधिकारी, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता समेत विभिन्न पदों की परीक्षाएं शामिल हैं।

29 नवंबर को होगी PCS प्रारंभिक परीक्षा

संशोधित कैलेंडर के अनुसार सबसे पहले उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके बाद छह दिसंबर को प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (कला वर्ग) की मुख्य परीक्षा प्रस्तावित है। 27 दिसंबर को सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा होगी।

2027 की प्रमुख परीक्षा तिथियां

आयोग की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है:

परीक्षा प्रस्तावित तिथि
व्यक्तिगत सहायक परीक्षा 6 जनवरी 2027
प्रवक्ता (गृह विज्ञान) मुख्य परीक्षा 30 जनवरी 2027
कर एवं राजस्व निरीक्षक 25 अप्रैल 2027
पशु चिकित्साधिकारी 1 और 2 मई 2027
सहायक अभियंता मुख्य परीक्षा 8 से 14 मई 2027
समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी 30 मई 2027
समीक्षा अधिकारी (लेखा)/सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) 6 जून 2027
कनिष्ठ अभियंता मुख्य परीक्षा 26 जून से 1 जुलाई 2027

अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए मिला समय

परीक्षा कैलेंडर जारी होने से हजारों अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी तिथियां प्रस्तावित हैं। प्रशासनिक या अन्य कारणों से इनमें बदलाव किया जा सकता है।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र, परीक्षा केंद्र और परीक्षा कार्यक्रम में संभावित बदलाव की जानकारी के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर नियमित नजर बनाए रखें।

Popular Articles