Top 5 This Week

Related Posts

सड़क निगली, निगम ने उगलवाई! क्रियाशाला रोड पर चला नगर निगम का डंडा

 दुकानों के आगे कब्जे, छज्जे और सड़क पर पसरा सामान हटवाया; नगर आयुक्त की चेतावनी—सड़क को दुकान का हिस्सा बनाया तो कार्रवाई तय
हल्द्वानी। शहर की सड़कों को कब्जे में लेकर दुकान का विस्तार करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। क्रियाशाला रोड पर सड़क किनारे अतिक्रमण कर जमाए गए कब्जों पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए रास्ता खाली कराया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा खुद मौके पर पहुंचे और सड़क निगल चुके अतिक्रमण को हटवाया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के आगे बढ़े छज्जे, सड़क पर फैलाया गया सामान और राहगीरों की आवाजाही में रोड़ा बने अवैध कब्जे सामने आए। नगर आयुक्त ने मौके पर ही निगम टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सड़क किनारे पसरे अतिक्रमण को हटाकर आवागमन सुचारू कराया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और कब्जाधारियों को दोबारा सड़क घेरने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नगर आयुक्त ने साफ किया कि शहर में जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगा। सड़क पर कब्जे के कारण जाम लगता है और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम की चेतावनी साफ है—सड़क जनता के चलने के लिए है, दुकानों का सामान सजाने या कब्जा जमाने के लिए नहीं। दुकानदार सड़क पर सामान फैलाने से बचें और सरकारी जमीन पर कब्जा न करें, वरना निगम का अभियान आगे भी जारी रहेगा।आज सड़क खाली करा दी गई, मगर सवाल यह है कि कल फिर कब्जा जमाने वालों पर निगम की नजर और कार्रवाई कितनी सख्त रहेगी?

Popular Articles