Top 5 This Week

Related Posts

नई सड़क की खुली पोल! हाथों से उखड़ने लगी डामर की परत, निर्माण के नाम पर कैसा खेल?

बनभूलपुरा की लाइन नंबर 1 से 8 तक बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल, चंद दिनों में उखड़ने लगी परत; जनता बोली- टैक्स के पैसे की ऐसी बर्बादी क्यों?

हल्द्वानी। सड़क बनने के बाद लोगों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन बनभूलपुरा में नई सड़क ने कुछ ही समय में निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी। लाइन नंबर 1 से 8 के बीच बनी सड़क की डामर की परत हाथों से उखड़ने लगी है। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही सड़क की परत हाथ से उखाड़कर दिखाई तो निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों को ताक पर रख दिया गया। सवाल यह है कि जिस सड़क को वर्षों तक चलना चाहिए, वह कुछ ही दिनों में दम तोड़ने क्यों लगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के बाद शहर में सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हुआ था। बनभूलपुरा की इस सड़क से भी लोगों को बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी। लोगों ने हाथों से डामर की परत उखाड़कर निर्माण की कथित गुणवत्ता का नमूना सामने रख दिया। उनका आरोप है कि निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया।

सड़क की हालत ने निर्माण कार्य कराने वाले विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की सही जांच होती तो सड़क की यह दुर्दशा नहीं होती। आखिर किसकी निगरानी में सड़क बनी और निर्माण पूरा होने के बाद गुणवत्ता की जांच किसने की?

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने तक ठेकेदार का भुगतान रोका जाए और यदि निर्माण में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा बनाया जाए।

अब विभाग की परीक्षा!

जनता के टैक्स से बनने वाली सड़कें यदि कुछ ही दिनों में उखड़ने लगें तो जवाबदेही तय होना जरूरी है। अब देखना यह है कि विभाग मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराता है या फिर शिकायतों के बाद भी जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होने का इंतजार ही होता रहेगा।

Popular Articles